अंबिकापुर , फरवरी 27 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और चौकी रघुनाथपुर की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलोग्राम अवैध गांजा, एक कार और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 4.86 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमसागर यादव (26), खीरो यादव (25), भूपेन्द्र यादव (24) और मुरारी लाल चौबे (35) के रूप में हुई है। हेमसागर और भूपेन्द्र रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि खीरो यादव जशपुर जिले का रहने वाला है। चौथे आरोपी मुरारी लाल चौबे सरगुजा जिले के ग्राम गंगापुर का निवासी है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में बुधवार को चौकी रघुनाथपुर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में तीन व्यक्ति लैलूंगा की ओर से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे हैं और ग्राम गंगापुर में रोड पर गंगापुर निवासी मुरारी लाल चौबे को उक्त मादक पदार्थ बेचने वाले हैं।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम गंगापुर मुख्य मार्ग (एनएच 43) के किनारे स्थित एक खेत के पास घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान टीम को चार व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में एक कार के पास खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को रोक लिया और उनसे पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में कार सवार तीनों व्यक्तियों ने अपनी पहचान हेमसागर यादव, खीरो यादव और भूपेन्द्र यादव के रूप में बताई, जबकि कार के पास खड़ा व्यक्ति मुरारी लाल चौबे निकला। पुलिस ने जब उनके वाहन और बैग की तलाशी ली तो हेमसागर, खीरो और भूपेन्द्र के कब्जे वाली कार की डिक्की से 2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं, मुरारी लाल चौबे के पास मौजूद काले रंग के बैग से भी 2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर लिया गया। इस तरह कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 36,000 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने मौके से एक सफेद आई-20 कार, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये है, और छह मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 50,000 रुपये है, भी जब्त किए। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका (माल) की कीमत लगभग 4 लाख 86 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लैलूंगा क्षेत्र से अवैध गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ चौकी रघुनाथपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित