आणंद , जनवरी 13 -- केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने गुजरात के आणंद जिले में चरोतर यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (चारुसेट सीएचएआरयूएसएटी) के 15वें दीक्षांत समारोह को मंगलवार को संबोधित करते हुए कहा कि 2129 विद्यार्थी यहाँ से डिग्री लेकर निकलेंगे। इनमें 45 छात्रों ने गोल्ड मेडल और 38 ने पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है।
श्री शाह ने इन छात्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज दीक्षांत समारोह के बाद ग्रेजुएट होकर यूनिवर्सिटी के छात्र देश, समाज, परिवार और स्वयं के उत्कर्ष के लिए विश्वविद्यालय से बाहर जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान छात्रों को इनोवेशन, रिसर्च और एजुकेशन की शिक्षा के साथ-साथ मूल्य आधारित शिक्षा और राष्ट्रभावना की सीख भी दी गई होगी। सरदार पटेल का कथन "चरित्र निर्माण के बिना शिक्षा बेकार है" हम सभी के जीवन का मूल वाक्य है।
उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा मानव, समाज या देश का कल्याण नहीं कर सकती। ज्ञान और चरित्र दोनों एक साथ होने पर ही मानव और समाज दोनों के लिए उपयोगी बनता है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने कहा था कि शिक्षा मात्र डिग्री या स्किल बढ़ाने तक सीमित नहीं होती। युवाओं और विद्यार्थियों को अनुशासन के लिए, उनका चरित्र का निर्माण करने के लिए और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का परिचय कराने का काम शिक्षा का है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि चरोतर यूनिवर्सिटी ने यह काम अच्छी तरह से किया होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित