सोनीपत , अप्रैल 07 -- हरियाणा में सोनीपत जिले के गनौर उपमंडल के पंछी जतन गांव में बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 32 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गयी, जिससेउसकी मौत हो गयी।
मृतक की पहचान कमलजीत के रूप में हुई है। उसके पिता जयपाल ने शिकायत में बताया कि 24 मार्च को कमलजीत अपना मोबाइल फोन लेने पड़ोसी के घर गया था, जो चार्जिंग पर लगा हुआ था। इसी दौरान कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गयी।
आरोप है कि पड़ोसी रामदास, भगवान दास और सोनू ने मिलकर कमलजीत को चारपाई से बांध दिया और लाठियों और फावड़े के हैंडल से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में उसे पहले गनौर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीपीएस गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज फॉर वूमेन रेफर किया गया। करीब 12 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद 6 अप्रैल को उसकी मौत हो गयी।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित