देहरादून , अप्रैल 15 -- उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत मुख्य पड़ाव स्थल श्रीनगर में बुधवार को यात्रा की व्यापक सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने समीक्षा बैठक की।
एडीजी अंशुमान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात का सुचारु एवं चरणबद्ध संचालन, प्रमुख स्थलों पर बैरिकेडिंग एवं साइन बोर्ड की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम की सक्रियता तथा मेडिकल एवं रेस्क्यू टीमों के साथ समन्वय सुनिश्चित किया जाए। साथ ही धामों में मौसम की स्थिति, मार्गों की स्थिति, श्रद्धालुओं की संख्या की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाए व श्रद्धालुओं को भी अवगत कराने हेतु आवश्यक प्रबंध किये जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा नियमित ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को ब्रीफ किया जाए और यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ मधुर एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने हेतु प्रेरित किया जाए। श्रीनगर चार धाम यात्रा का मुख्य पड़ाव है अतः यहां पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाए जिससे यात्रियों के साथ साथ स्थानीय नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा ना हो और यात्रा का सफल एवं सकुशल रूप से संचालन हो सके।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार, क्षेत्राधिकारी पौड़ी तुषार बोरा, प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कुलदीप नेगी, प्रभारी महिला थाना प्रियंका भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित