टिहरी गढ़वाल , अप्रैल 17 -- चारधाम यात्रा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पुलिस महानिरीक्षक, कानून व्यवस्था (आइजी लॉ एंड ऑर्डर) सुनील कुमार मीणा ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्वेता चौबे के साथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया।

चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज आइजी श्री मीणा ने एसपी श्रीमती चौबे के साथ यात्रा मार्ग के स्थलीय निरीक्षण में संबंधित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख पड़ाव, पुलिस चौकियों, पंजीकरण केन्द्रों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

श्री मीणा ने श्री बदरीनाथ मार्ग पर निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करते हुए यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने मुनि की रेती क्षेत्र के भ्रमण के दौरान समीक्षा करते हुए तैनात पुलिस कार्मिकों को उच्च मानकों के अनुरूप कार्य करने, यात्रियों के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा आपदा प्रबंधन के प्रति पूर्ण रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित