रुद्रपुर , फरवरी 15 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा के लिए सरकार तैयार है और सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हर बार की तरह इस बार भी अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंचेंगे।
श्री धामी ने महाशिवरात्रि के मौके पर खटीमा में वनखंडी महादेव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद कहा कि सरकार ने चारधाम यात्रा के लिए पिछले साल से ही तैयारी शुरू कर दी थी। सरकार का प्रयास है कि सुरक्षित और भव्य चारधाम यात्रा हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के उस वक्तव्य को चरितार्थ करने जा रही है जिसमें उन्होंने कहा था कि तीसरा दशक उत्तराखंड का है।
श्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के साथ ही आदि कैलाश, जागेश्वर, पूर्णागिरी धाम में हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है और साल यहां बड़ी संख्या में यात्री यहां पहुंच रहे हैं। सरकार सभी धामों में सुरक्षित यात्रा के लिए तैयार है। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने खटीमा में एक करोड़ की लागत से खटीमा सिविल न्यायालय में अधिवक्ताओं हेतु नव निर्मित चैम्बर्स का लोकार्पण किया।
उन्होंने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि नया चैम्बर अधिवक्ताओं के लिए न्यायिक विमर्श व अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनें तथा न्यायिक कार्य सरलता तथा त्वरित गति से होंगे।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के पश्चात् देश भर में लगभग सात हजार से अधिक कोर्ट व 11 हजार आवासीय इकाइयों का निर्माण किया गया है जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित