पटना , मार्च 08 -- अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जीविका समूह के तत्वावधान में रविवार को चाणक्या विधि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) हिमांशु शर्मा, विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एसपी सिंह, यूनिसेफ के बंकू बिहारी सरकार और महुआ राय चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुये सीईओ हिमांशु शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये लगातार प्रयास कर रही है और जीविका के माध्यम से कई योजनायें चलाई जा रही हैं, जिससे महिलायें आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुये कहा कि बाल विवाह और दहेज जैसी कुरीतियों को खत्म करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जीविका से डेढ़ करोड़ से अधिक महिलायें जुड़ चुकी हैं।

वहीं कुलसचिव डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि समाज में तेजी से बदलाव आया है और आज महिलायें हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी लागू कराने में भी महिलाओं की अहम भूमिका रही है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

इस अवसर पर सीईओ हिमांशु शर्मा ने महिलाओं को शपथ दिलाई और विश्वविद्यालय परिसर में 'जीविका दीदी अधिकार सहायता सह नियंत्रण केंद्र' का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में जीविका के कई अधिकारी, विश्वविद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकायें और बड़ी संख्या में महिलायें उपस्थित रहीं। अतिथियों का स्वागत विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव डॉ. कुमार गौरव ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन नाजिस बानो ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित