रांची , अप्रैल 06 -- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा के सारंडा जंगल में आज सुबह सर्च अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया है। घायल जवान को तत्काल एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विस्फोट में कोबरा बटालियन 205 के जवान अनुज कुमार घायल हो गए हैं। बताया जाता है कि सारंडा क्षेत्र में सुरक्षाबल नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान सुरक्षाबलों की टीम जैसे ही आगे बढ़ी, तभी रास्ते में पहले से लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया।

ज्ञातव्य है कि सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। इसी साल जनवरी में सारंडा जंगल में 'ऑपरेशन मेघा गुरु' चलाया गया था। इस दौरान कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ के करीब 4000 जवानों ने संयुक्त कार्रवाई की थी, जिसमें 16 से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित