कोरबा , फरवरी 17 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के ग्राम कापा नवापारा (चोटिया) के पास आज एक चलती कार में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अंबिकापुर की ओर से बिलासपुर जा रही थी। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण वाहन में आग लग गई। चालक ने जैसे-तैसे वाहन रोका और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और दमकल विभाग को दी गई।
जानकारी के अनुसार कार में सवार हरदीडीह सीपत निवासी करण साहू उदयपुर से बिलासपुर किसी कार्य से जा रहा था। हादसे में उसे मामूली चोटें आई हैं।
मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित