खरगोन , जनवरी 16 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में कथित तौर पर चरित्र संदेह को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की पीट पीट कर हत्या कर दी, इसी दौरान उसके 6 माह के पुत्र की श्वास नली में दूध चले जाने से उसकी भी मृत्यु हो गयी।
पुलिस अधीक्षक डॉ रवींद्र वर्मा ने बताया कि बेड़िया थाना क्षेत्र के बकावा स्थित एक मकान से कल चंपाबाई मानकर और उसके 6 माह के पुत्र का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। दोनों के शवों के पास उसका पति सुनील बैठा हुआ मिला और संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि महिला के शव पर चोटों के कई निशान थे। पति सुनील ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया है। पूछताछ के आधार पर निष्कर्ष निकल रहा है कि महिला के चरित्र पर संदेह को लेकर यह घटना हुई है। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और 6 माह के पुत्र को दूध पिला रही चंपा बाई को सुनील ने पीटना शुरु कर दिया।
उन्होने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया कि घटना के वक्त चंपा बाई बच्चे को दूध पिला रही थी, विवाद के बाद पिटाई किए जाने के दौरान सम्भवतः बच्चे का दूध सांस की नली में जाकर चोक हो गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना की विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित