रायपुर , जनवरी 27 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीद को लेकर जारी विवाद के बीच नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने राज्यपाल रामेन डेका को पत्र लिखकर त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। श्री महंत ने कहा कि किसानों को जारी टोकन पर भी उनसे कम मात्रा में धान लिए जाने या न लिए जाने के मौखिक आदेश से गहरा असंतोष है।
श्री महंत के अनुसार, इसके विरोध में किसानों ने आंदोलन शुरू कर दिया है और कई सड़कों पर आवागमन अवरुद्ध है, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 91,526 किसानों ने पंजीयन कराया था और अनुमानित खरीद मात्रा 5,31,115 टन थी। आज अपराह्न 2:30 बजे तक 81,711 किसानों से 4,33,717 टन धान की खरीद हुई है।
नेता प्रतिपक्ष ने आगाह किया कि अभी भी हजारों किसान धान नहीं बेच पाए हैं और खरीदी की अंतिम तारीख 30 जनवरी है। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे राज्य सरकार को निर्देश दें कि योजना के अनुसार किसानों से पूरा धान खरीदे और खरीदी की अंतिम तिथि आगे बढ़ाए। महंत ने इस स्थिति को किसानों के साथ अन्यायपूर्ण बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित