भोपाल , मई 6 -- मध्यप्रदेश सरकार ने लंबे इंतजार के बाद 4 हजार माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। चयनित अभ्यर्थी 12 से 18 मई 2026 के बीच ऑनलाइन माध्यम से स्कूलों का चयन कर सकेंगे। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है।
भोपाल स्थित डीपीआई कार्यालय के सामने अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया। चयनित अभ्यर्थी काफी समय से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलनरत थे। यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2022 से जारी थी। वर्ष 2023 में पात्रता परीक्षा और अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद सितंबर 2025 में परिणाम घोषित किया गया। करीब 10 हजार 700 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी होने के बावजूद पिछले नौ माह से नियुक्ति प्रक्रिया लंबित थी।
वही निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को अपने आवंटित संभाग अथवा जिले के अंतर्गत सभी स्कूलों को प्राथमिकता क्रम में भरना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में विकल्प नहीं भरने पर शेष रिक्तियों के आधार पर ही स्कूल आवंटन किया जाएगा, जिससे पसंदीदा स्कूल मिलने की संभावना कम हो सकती है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल शुल्क जमा करने के बाद ही चॉइस फिलिंग प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी तथा बाद में किसी प्रकार के दावे स्वीकार नहीं किए जाएंगे। साथ ही, सशर्त चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। सत्यापन के बाद ही अंतिम नियुक्ति दी जाएगी। विभाग ने अभ्यर्थियों को अधिकृत पोर्टल पर नियमित रूप से जानकारी देखने की सलाह दी है। जबकि अन्य विशेष पदों के लिए अलग से सूचना जारी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित