भरतपुर , मई 11 -- राजस्थान में करौली के मंडरायल में टोडी गांव के पास चंबल नदी के किनारे भैंसों को पानी पिलाते समय मगरमच्छ द्वारा किये गये हमले में एक युवक घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार शाम को टोडी गांव निवासी महेश मल्लाह नदी किनारे भैंसों को पानी पिलाने गया था उसी दौरान एक मगरमच्छ ने उस पर झपट्टा मारकर उसे दबोंच लिया। उसकी चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों ने साहस के साथ उसे मगरमच्छ के जबड़े से आजाद कराया।
सूत्रोें ने बताया कि मगर मच्छ के जबड़े में आने से युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसे मंडरायल अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सोमवार को जिला अस्पताल करौली भेज दिया गया।
घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने नदी किनारे सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित