चम्पावत , मार्च 30 -- उत्तराखंड शासन ने शहरी विकास को गति देते हुए मुख्यमंत्री की विधानसभा चम्पावत में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना के लिए 140.80 लाख रुपये की दूसरी किश्त स्वीकृत कर दी है। इससे परियोजना के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

चंपावत में पालिका परिषद के अंतर्गत मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। बढ़ते यातायात दबाव और पार्किंग की समस्या को देखते हुए यह परियोजना शहर के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

परियोजना की कुल लागत 352 लाख रुपये निर्धारित है। इससे पूर्व प्रथम किश्त के रूप में 40 प्रतिशत धनराशि जारी की जा चुकी थी, जबकि अब दूसरी किश्त के रूप में पुनः 40 प्रतिशत धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे निर्माण कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि इस पार्किंग के निर्माण से शहर में जाम की समस्या में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही स्थानीय व्यापारियों और पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी को बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित