चम्पावत , मार्च 28 -- उत्तराखंड सरकार ने चंम्पावत के प्रसिद्ध श्री गोलू देवता कॉरिडोर (जोन-ए) के प्रथम चरण के लिए 117.22 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इस निर्णय से जनपद को आस्था, पर्यटन और खेल के समेकित केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में नई गति मिलेगी।
चंपावत जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार नियोजन विभाग की संस्तुति के बाद मिली इस स्वीकृति के तहत श्री गोल्ज्यू मंदिर क्षेत्र को एक आधुनिक और आकर्षक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। कुल 254 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण, श्रद्धालुओं के लिए सुगम मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल और विद्युत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही भव्य प्रवेश द्वार के साथ ही हस्तशिल्प व पारंपरिक उत्पादों के लिए विक्रय स्थल भी बनाए जाएंगे।
परियोजना के अंतर्गत एक अत्याधुनिक बहुउद्देशीय स्टेडियम का भी निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें एथलेटिक्स ट्रैक, बहु-खेल मैदान, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, प्रशिक्षण कक्ष और आधुनिक लाइटिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं मिलेंगी और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित