चमोली , दिसंबर 11 -- उत्तराखण्ड के चमोली जिले के देवाल क्षेत्र के मोपाटा गाँव के निकट गुरुवार को एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वाहन सवार मोपाटा गाँव में विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। पुलिस ने बताया वाहन स्वामी नारायण सिंह (52) पुत्र गोविन्द सिंह, निवासी चौड़ ने कार को ढलान पर न्यूट्रल में खड़ा कर हेंडब्रेक लगाया था। प्रारंभिक जाँच में प्रतीत होता है कि किसी व्यक्ति द्वारा वाहन का हेंडब्रेक डाउन कर दिया। जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में मोहिनी देवी (42) पत्नी मानसिंह, निवासी कोटेरी चौड़, बसंती देवी (35) पत्नी कुंवर सिंह, निवासी चौड़ और भजन सिंह (62) पुत्र बादर सिंह, निवासी चौड़ की मौत हो गयी। जबकि ज्योति पुत्री (23) गंगा सिंह, निवासी कोटेड़ा, और खिलाफ सिंह (65) पुत्र नारायण सिंह, निवासी चौड़ घायल हो गये।
दोनों घायलों का उपचार पीएचसी देवाल में चल रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित