टिहरी , अप्रैल 09 -- उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विभिन्न राज्यों के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी गुरुवार को टिहरी जनपद के चंबा क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जुवा पट्टी के सेलूर गांव पहुंचकर स्वर्गीय ऋषिराम डबराल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके परिजनों से मुलाकात कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्री कोश्यारी ने दिवंगत ऋषिराम डबराल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कृष्ण स्वरूप डबराल, रामस्वरूप डबराल सहित परिवार के अन्य सदस्यों व महिलाओं को ढांढस बंधाया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

भ्रमण के दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से भी भेंट की। इस अवसर पर राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है और इस विकास यात्रा में सभी की सहभागिता आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित