चम्पावत , फरवरी 08 -- उत्तराखंड की चंपावत पुलिस ने ग्राम पंचायत खलकड़िया के ग्राम खर्क बगड़ में फावड़े से बुजुर्ग की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चंपावत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय गणपति ने रविवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 07 फरवरी को खेती खान के ग्राम खर्क बगड़ में फावड़े से बुजुर्ग अम्बा दत्त खर्कवाल (83) की हत्या कर दी गई थी।
जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तत्काल मौके के लिए रवाना की गई। पुलिस टीम ने गांव के ही आरोपी सुभाष खर्कवाल को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पुलिस को पता चला कि मृतक घटना के दिन टनकपुर से अपने गांव लौटे थे। आरोपी ने उनके घर पर लगे मधुमक्खी के छत्ते को तोड़कर शहद निकाल लिया। मृतक इस संबंध में अपने पुत्र संजय खर्कवाल से फोन पर आरोपी के खिलाफ शिकायत की बात कर रहे थे।
इस बात से आवेश में आकर आरोपी ने आंगन में पड़े फावड़े से मृतक के सिर पर वार कर दिया, जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पुत्र की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल (फावड़ा) भी बरामद कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित