चंपावत , मार्च 13 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान में जिले के मुख्य बाजार क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर औचक छापेमारी की कार्रवाई की गई।

तहसीलदार बृजमोहन आर्या के नेतृत्व में पूर्ति विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कुछ व्यवसायी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में कर रहे थे जो गैस आपूर्ति नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किये। संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित