चंपावत , मार्च 26 -- उत्तराखण्ड के सीमांत चंपावत जिले में खिलाड़ियों के लिए बड़ी पहल की गई है। खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए खेल प्रशिक्षण शिविरों की संख्या में वृद्धि कर 27 कर दी गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर खेल विभाग द्वारा गुरुवार को यह निर्णय लिया गया, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराया जा सके।

जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट के अनुसार, वर्ष 2025-26 में जहां 17 प्रशिक्षण शिविर संचालित हो रहे थे वहीं वर्ष 2026-27 में इनकी संख्या बढ़ाकर 27 कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि सभी प्रशिक्षण शिविरों के संचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इनका संचालन खेल निदेशालय और जिला प्रशासन के समन्वय से किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिल सके।

इस पहल से जिले के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित