चंपावत , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले में सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्गो की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से टनकपुर से घाट तक सड़क की गुणवत्ता में सुधार लाने एवं चंपावत बाईपास निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग ने जानकारी दी कि स्वाला क्षेत्र में चल रहा सुधार एवं सुदृढ़ीकरण कार्य अप्रैल के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने टनकपुर-घाट मार्ग को प्राथमिकता में रखते हुए कहा कि इस मार्ग की स्थिति में सुधार कर आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस कार्य को 20 अप्रैल तक शुरू किया जाएगा।

बैठक में चंपावत बाईपास की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि प्रस्तावित 9.8 किमी लंबे बाईपास में से करीब चार किमी में पूर्ण कटिंग और तीन किमी में आंशिक कटिंग का कार्य पूरा हो चुका है जबकि शेष कार्य एक माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।

इसके अलावा बाईपास मार्ग में प्रस्तावित 50 कल्वर्ट्स में से सात की कास्टिंग पूरी हो चुकी है और बाकी कार्य तेजी से जारी है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर आकर्षक व्यू प्वाइंट और सेल्फी प्वाइंट विकसित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता, समयबद्धता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि जनपद में बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित