हैदराबाद , दिसंबर 29 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता के. चंद्रशेखर राव सोमवार को तेलंगाना विधानसभा में थोड़ी देर के लिए मौजूद रहे। वह अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद केवल कुछ मिनटों के लिए सदन में थे।

श्री राव आज सुबह करीब 10:30 बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने के तुरंत बाद वहां पहुंचे और सदस्यों द्वारा दिवंगत पूर्व विधायकों दामोदर रेड्डी और कोंडा लक्ष्मा रेड्डी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के कुछ समय बाद वहां से चले गए।

उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2023 में राज्य में कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद से विधानसभा में श्री राव की उपस्थिति बहुत कम रही है। विधानसभा सत्रों के दौरान उनकी लगातार अनुपस्थिति का मुद्दा मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी कई बैठकों में उठा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के नेता से विधानसभा में उपस्थित रहने और अगर कोई सुझाव हो तो सरकार को देने का अनुरोध किया, जिन्हें राजनीतिक नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दोनों के रूप में व्यापक अनुभव प्राप्त है।

कुछ महीने पहले, फेडरेशन ऑफ फार्मर्स एसोसिएशन के महासचिव डी विजयपाल रेड्डी ने तेलंगाना उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की थी जिसमें बीआरएस नेता को विधानसभा सत्रों में भाग लेने का निर्देश देने की मांग की गई थी।

उन्होंने इससे पहले आखिरी बार जुलाई 2024 में राज्य बजट पेश होने के दौरान संक्षिप्त रूप से विधानसभा सत्र में हिस्सा लिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित