विजयवाड़ा , मार्च 23 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री के पवन कल्याण और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शासन प्रमुख के रूप में 8,931 दिन पूरे करने पर बधाई दी है।
श्री नायडू ने सोमवार को एक संदेश में प्रधानमंत्री को राष्ट्र की सेवा में 8,931 दिन पूरे करने और भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सरकार का प्रमुख रहने वाला नेता बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, "उनकी यह असाधारण उपलब्धि उनके समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और हमारे देश की प्रगति व समृद्धि के प्रति अथक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' का उनका विजन हम सभी को प्रेरित करता रहता है और भारत को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जा रहा है। मैं उनके निरंतर सामर्थ्य, अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना करता हूं, क्योंकि वे राष्ट्र को और भी ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।"श्री पवन कल्याण ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री को गुजरात के मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 8,931 दिनों की सेवा करने के लिये बधाई दी है। उन्होंने कहा, "उनकी यह यात्रा केवल पद पर बिताये गये समय के बारे में नहीं है, बल्कि यह उनके अडिग संकल्प, अथक समर्पण और भारत की सेवा के लिए समर्पित जीवन के बारे में है। जमीनी स्तर के नेतृत्व से लेकर वैश्विक मंच पर राष्ट्र का मार्गदर्शन करने तक, उन्होंने स्पष्ट दूरदृष्टि, निर्णायक कार्रवाई और 'राष्ट्र प्रथम' के अटूट संकल्प के साथ शासन को नयी परिभाषा दी है।"उन्होंने आगे कहा कि दो दशकों से अधिक समय से उनका नेतृत्व अनुशासन, त्याग और बेजोड़ कार्य संस्कृति का प्रतीक रहा है, जिसमें हर नागरिक की आकांक्षाओं को शासन के केंद्र में रखा गया है। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, गरीबों को सशक्त बनाने, डिजिटल परिवर्तन लाने और भारत के वैश्विक स्तर को ऊपर उठाने में प्रधानमंत्री के प्रयास करोड़ों लोगों को प्रेरित करते रहते हैं। यह इस बात का सशक्त प्रमाण है कि सच्चा नेतृत्व निरंतरता, दृढ़ विश्वास और 'स्वयं से ऊपर सेवा' की भावना पर टिका होता है।
श्री जगन मोहन रेड्डी ने भी श्री मोदी को सरकार प्रमुख के रूप में 8,931 दिन पूरे करने और समर्पित सार्वजनिक सेवा में कार्यकाल के मामले में इतिहास बनाने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी व्यक्ति के साहस और संकल्प का प्रमाण है। उन्होंने राष्ट्र की सेवा में उनके अच्छे स्वास्थ्य और सामर्थ्य की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित