चंद्रपुर , फरवरी 13 -- महाराष्ट्र में चंद्रपुर जिले के जिला परिषद स्कूल में आयरन की गोलियों के कथित 'ओवरडोज' (अत्यधिक सेवन) के कारण 19 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना भद्रावती तहसील के भामदेली गांव में हुई, जहां एनीमिया (रक्त की कमी) की रोकथाम के लिए दी जाने वाली गोलियों के सेवन के बाद बच्चों की तबीयत खराब हो गई।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, स्कूल में नियमित स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हर सोमवार को छात्रों को आयरन की गोलियां दी जाती थीं। हालांकि, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ छात्रों ने शिक्षकों की अनुपस्थिति में अगले दिन यानी मंगलवार को भी अतिरिक्त गोलियों का सेवन कर लिया। बुधवार रात को 19 छात्रों ने जी मिचलाने, चक्कर आने और पेट में गंभीर बेचैनी की शिकायत की। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और प्रभावित बच्चों को चंद्रपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि भर्ती किए गए 19 छात्रों में से 16 की हालत फिलहाल स्थिर है, जबकि तीन बच्चों को एहतियात के तौर पर निगरानी में रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित