चंदौली , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के बबुरी क्षेत्र में सोमवार को छठ पूजा के दौरान नौका विहार कर रहे आधा दर्जन लोग सेल्फी लेने के चक्कर में चंद्रप्रभा नदी में गिर गये।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, नदी में से तीन लोग बच कर निकल आए हैं, जबकि तीन लोग अभी भी लापता है। पुलिस-प्रशासन द्वारा गोताखोरों की मदद से तीनों की तलाश की जा रही।

जानकारी के अनुसार, बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदोचक गांव में छठ पूजा का माहौल था। बड़ी संख्या में श्रद्धालु चंद्रप्रभा नदी किनारे सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे हुए थे। इस दौरान लोगों ने देखा कि करीब आधा दर्जन लोग नौका विहार कर रहे हैं, लेकिन पूजा कर रहे लोगों ने इसे नजरअंदाज किया और पूजा-पाठ में लग गए। इसी बीच किन्हीं कारणों से नाव असंतुलित हो गई और नाव सवार छह लोग चंद्रप्रभा नदी में गिर गए।

घटना के बाद पूजा-पाठ कर रहे श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार होने लगी। इस दौरान नदी में डूबे लोगों को बचाने के लिए स्थानीय लोग नदी में उतरे। साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि नदी में गिरे छह लोगों में से तीन लोग बचकर वापस आ गए, जबकि तीन लोगों का अभी तक कोई भी पता नहीं चला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित