चंदौली , फरवरी 08 -- उत्तर प्रदेश में चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के शाहूपुरी स्थित एनडीआरएफ कार्यालय के समीप रविवार दोपहर ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी उसकी भाभी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार भुझहुआ गांव निवासी सोहन (40) अपनी भाभी को साइकिल पर बैठाकर बाजार सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
अलीनगर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति सामान्य कराई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित