चंदौली , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित मवई कला रिंग रोड अंडरपास के समीप शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 12 वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रौना गांव निवासी सीआरपीएफ जवान धीरज तिवारी के पुत्र वैभव और पुत्री वैष्णवी स्कूटी से जा रहे थे। जैसे ही वे अंडरपास के पास पहुंचे, वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और वैभव की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
दोनों बच्चे सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल के छात्र-छात्रा बताए गए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया तथा वाहन को कब्जे में ले लिया है।
गंभीर रूप से घायल वैष्णवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित