चंडीगढ़ , नवंबर 05 -- गुरु नानक देव के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर बुधवार को पूरे देश के साथ ही केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ और हरियाणा में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।
चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारा साहिब में सुबह से ही संगतें बड़ी संख्या में माथा टेकने पहुंची।
गुरुद्वारे में सुबह से ही अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने गुरु वाणी का श्रवण किया। शहर के विभिन्न इलाकों में भी लंगर सेवा, छबीलें और सेवा स्टॉल लगाये गये। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान तेजवंत सिंह ने बताया कि इस पावन अवसर पर संगत के लिए विशेष इंतज़ाम किये गये हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रसाद और लंगर की व्यवस्था पूरे दिन रहेगी। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी समाज को एकता, प्रेम और सेवा का संदेश देते हैं।
पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किये हैं, ताकि भीड़भाड़ की स्थिति न बने। वाहनों की पार्किंग पर विशेष नियंत्रण रखा गया है और श्रद्धालुओं को लाइन में लगकर प्रवेश करने की अपील की गयी है।
चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के सभी गुरुद्वारों में आज सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालु गुरु साहिब के दर पर पहुंचकर आशीर्वाद ले रहे हैं। पूरे ट्राईसिटी में गुरु पर्व का उल्लास और भक्ति का रंग छाया हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित