चंडीगढ़ , जनवरी 27 -- चंडीगढ़ शहर में स्मार्ट और नागरिक-केंद्रित परिवहन व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक अहम पहल करते हुए 'एमसी वन पास' डिजिटल पार्किंग प्रणाली की शुरुआत की। इस योजना का शुभारंभ सेक्टर-22 स्थित नगर निगम पार्किंग स्थल पर महापौर हरप्रीत कौर बाबला ने किया।

यह पहल बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से शुरू की गई है महापौर ने कहा कि 'एमसी वन पास' योजना का उद्देश्य शहर की पार्किंग व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाना है। इसके तहत नागरिकों को कैशलेस पार्किंग सुविधा मिलेगी जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। योजना में दोपहिया वाहनों के लिए 250 रुपये और चार पहिया वाहनों के लिए 500 रुपये मासिक शुल्क तय किया गया है, जो नियमित वाहन चालकों के लिए बेहद किफायती है।

नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि इस योजना में पीले नंबर प्लेट वाले वाणिज्यिक चार पहिया वाहन भी शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली पार्किंग प्रबंधन में मैन्युअल हस्तक्षेप को कम करेगी और पूरे शहर में सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करेगी।

एमसी वन पास नगर निगम द्वारा संचालित सभी प्रमुख पार्किंग स्थलों पर मान्य होगा जिनमें सेक्टर-17, 22 और 35 की पार्किंग एलांटे मॉल के सामने सरफेस पार्किंग लेक पार्किंग और सेक्टर-17 स्थित मल्टी-लेवल पार्किंग शामिल हैं। पार्किंग स्थलों की सूची नगर निगम और बैंक ऑफ बड़ौदा की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आयुक्त ने बताया कि पास प्राप्त करने के लिए किसी कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन माध्यम से आसानी से मासिक पास ले सकते हैं। भविष्य में इस प्रणाली को अन्य पार्किंग स्थलों तक भी विस्तारित किया जाएगा। लॉन्च कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी पार्षद व्यापारी प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित