चंडीगढ़ , जनवरी 01 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, पंजाब के मोहाली और हरियाणा के पंचकूला सहित ट्राई सिटी में साल के पहले दिन गुरुवार को सुबह से लगातार तेज बारिश हो रही है।

सुबह होते ही आसमान में घने बादल छा गये और इसके बाद रुक-रुक कर तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। इस अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिली है, और वातावरण में भी ताजगी महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग ने जनवरी के पहले सप्ताह में बारिश के आसार जताये थे। आने वाले दिनों में मौसम में और भी बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबह से जारी बारिश के कारण ट्राई सिटी के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है, जिससे ठंड का असर कुछ कम हुआ है।

बारिश के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गयी है और सुबह के समय दफ्तर जाने वाले लोगों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा। लंबे समय से शुष्क मौसम और प्रदूषण से जूझ रहे लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आयी है। बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद जतायी जा रही है।

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा छाया हुआ था, जिसके कारण दृश्यता कम हो गयी थी और जनजीवन प्रभावित हो रहा था। साथ ही शुष्क मौसम के कारण किसानों और आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

मौसम विभाग के अनुसार, आज हुई बारिश के बाद इन राज्यों में मौसम में सुधार होने का अनुमान है। आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और प्रदूषण से राहत मिलने का अनुमान है। कुल मिलाकर, यह बारिश आम जनजीवन और पर्यावरण दोनों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित