चंडीगढ़ , मई 02 -- पंजाब एवं हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित जंगल क्षेत्र में नगर निगम के एक कर्मचारी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जो मनीमाजरा का निवासी था और नगर निगम में ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव पर विशेष रूप से पीठ पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। सूचना मिलते ही मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस ने जांच तेज करते हुए मृतक के मोबाइल फोन की पड़ताल शुरू कर दी है, ताकि उसकी आखिरी बातचीत और संपर्कों का पता लगाया जा सके। साथ ही, परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे किसी प्रकार की रंजिश या विवाद की जानकारी मिल सके।
बताया जा रहा है कि कृष्ण कुमार सुबह घर से ड्यूटी के लिए निकला था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि ड्यूटी के दौरान वह किन-किन लोगों के संपर्क में आया। जंगल क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह वहां अकेला गया था या किसी के साथ था।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित