चंडीगढ़, नवंबर 22 (वार्ता) चंडीगढ़ में शुक्रवार को पंजाब सरकार की महिलाओं को हर महीने ग्यारह सौ रुपये देने की गारंटी लागू करने की मांग को लेकर भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। कार्यकर्ता पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी आवास की ओर मार्च कर रही थीं, जहां पुलिस ने उन्हें करीब 200 मीटर पहले बैरिकेड लगाकर रोक दिया।

बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। कई महिलाएं गेट पर चढ़ गईं, वहीं पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जयइंदर कौर के साथ भी पुलिस ने खींचतान की।

जयइंदर कौर ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार चुनाव से पहले किए वादे से पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि अब तक महिलाओं को वादा किया गया पैसा क्यों नहीं मिला।

गौरतलब है कि आप ने विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं को 1100 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में कहा था कि यह योजना 2026 के बजट के बाद लागू की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित