चंडीगढ़ , मई 11 -- चंडीगढ़ में पुलिस ने गैंगस्टर लक्की पटियाल के एक गुर्गे समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से कमानीदार चाकू बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलू और जिमी बंसल के रूप में हुई है। थाना साउथ सेक्टर-34 पुलिस ने दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया है।
कांग्रेस नेता और वकील उज्जवल भसीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 112 नंबर पर सूचना दी थी कि उनके घर के पास कम्युनिटी सेंटर की दीवार के नजदीक एक काले रंग की हुंडई वेन्यू कार में दो संदिग्ध युवक बैठे हुए हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते उन्हें युवकों पर शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सेक्टर-44बी स्थित कम्युनिटी सेंटर के पीछे खड़ी काले रंग की वेन्यू कार की जांच की। तलाशी के दौरान कार में बैठे दोनों युवकों की बाईं जेब से एक-एक कमानीदार चाकू बरामद हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित