चंडीगढ़ , मार्च 27 -- चंडीगढ़ में सुखना लेक पर शुक्रवार से दो दिवसीय एयर शो की शानदार शुरुआत हुई। आसमान में भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने रोमांचक करतब दिखाकर दर्शकों का मन मोह लिया। फाइटर जेट्स ने हवा में डायमंड और अंग्रेजी अक्षर 'ए' की आकृति बनाई, साथ ही तिरंगे का मनमोहक प्रदर्शन भी किया।

एयर शो देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना प्री-बुकिंग के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र सुखना लेक को आम लोगों के लिए दो दिनों के लिए बंद रखा गया है।

शो के दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम भी तैनात रही, जो आसमान में उड़ने वाले पक्षियों पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की बाधा से बचा जा सके।

इस एयर शो में चंडीगढ़ के दो पायलट-विंग कमांडर तेजेश्वर सिंह और दिवाकर शर्मा भी शामिल हैं। विंग कमांडर तेजेश्वर सिंह, जो आर्मी पब्लिक स्कूल चंडी मंदिर के 2005 बैच के छात्र रह चुके हैं, सूर्य किरण टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके साथ फ्लाइट लेफ्टिनेंट कमल संधू भी टीम का हिस्सा हैं।

शो से पहले सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई लेकिन इसका कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ा। प्रशासन की ओर से दर्शकों के बैठने की व्यवस्था खुले में सुखना लेक परिसर में की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित