चंडीगढ़ , मार्च 02 -- चंडीगढ़ में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। इस बार सेक्टर 34 स्थित पासपोर्ट कार्यालय सहित कुछ अन्य स्थानों को धमकी भरा ई-मेल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पूरे क्षेत्र में जांच अभियान चलाया जारहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी चंडीगढ़ और मोहाली के कई स्कूलों, अस्पतालों तथा अन्य संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने की जरूरत न होने की अपील की है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी धमकियों को गंभीरता से लिया जा रहा है और साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित