चंडीगढ़ , अप्रैल 03 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय के बाहर हुए विस्फोट मामले में पंजाब पुलिस ने दो संदिग्धों को रूपनगर (रोपड़) से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन सिंह उर्फ भोलू और गुरतेज सिंह के रूप में हुई है। दोनों रूपनगर जिले के थाना सिटी मोरिंडा के अंतर्गत गांव रत्तनगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं।

पंजाब पुलिस की सीआईए टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। वहीं, मोहाली पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के एक अधिकारी ने बताया कि मामला अभी जांच के अधीन है और ऑपरेशन जारी है, इसलिए फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियां ठोस सबूतों के आधार पर की गई हैं और दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

सूत्रों के अनुसार इस हमले में जीएचडी-2पी हैंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया, जो पाकिस्तान में निर्मित बताया जा रहा है। यह ग्रेनेड विस्फोट के बाद पांच से दस मीटर के दायरे में बेहद घातक होता है, जबकि इसके छर्रे 20 से 25 मीटर तक फैल सकते हैं, जिससे आसपास मौजूद लोगों को गंभीर खतरा हो सकता है।

घटना के बाद सामने आए दो वीडियो में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। एक वीडियो में हमले से कुछ मिनट पहले दोनों को भाजपा कार्यालय के पास एक अन्य दफ्तर के बाहर खड़े देखा गया, जबकि दूसरे वीडियो में विस्फोट के बाद दोनों को सड़क पार कर भागते हुए देखा गया।

पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित