चंडीगढ़ , जनवरी 07 -- चंडीगढ़ नगर निगम को शहर में अवैध रूप से लग रही रेहड़ी-फड़ी हटाने के अभियान के लिए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करायीगयी है। नगर निगम को चंडीगढ़ पुलिस के करीब 10 पुलिसकर्मी दिये गये हैं, जिनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। इससे नगर निगम की कार्रवाई को मजबूती मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है।
दरअसल, चंडीगढ़ में अवैध रूप से लग रही रेहड़ी-फड़ी के खिलाफ न्यायालय द्वारा दिशा-निर्देश जारी किये गये थे। इन आदेशों के तहत नगर निगम लगातार अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाने का प्रयास कर रहा था। लेकिन निगम अधिकारियों का कहना है कि जब भी रेहड़ी-फड़ी हटाई जाती थी, कुछ ही समय बाद दोबारा उसी स्थान पर अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी लगा दी जाती थीं। इससे न केवल अदालत के आदेशों की अवहेलना हो रही थी, बल्कि नगर निगम की टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ रहा था।
इस स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ नगर निगम ने चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र लिखकर सहयोग की मांग की थी। पत्र में नगर निगम ने अवैध रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और निगम की टीम को कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मुहैया कराने का अनुरोध किया था। नगर निगम के पत्र पर कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने निगम को लगभग 10 पुलिसकर्मी उपलब्ध कराए हैं। इन पुलिसकर्मियों की तैनाती से नगर निगम को अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने में मदद मिलेगी। साथ ही बार-बार रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने में भी आसानी होगी।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि पुलिस सहयोग मिलने से अब अदालत के आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। आने वाले दिनों में अवैध रेहड़ी-फड़ी के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित