चंडीगढ़ , अप्रैल 01 -- पंजाब एवं हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर एक स्कूटी में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को तुरंत सील कर दिया और जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे कार्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में विस्फोट हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है और भाजपा कार्यालय के अंदर भी कोई क्षति नहीं पहुंची है।
मौके पर चंडीगढ़ पुलिस की टीम के साथ फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौजूद हैं, जो साक्ष्य जुटाने में लगे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित