चंडीगढ़ , मार्च 22 -- चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब आम आदमी पार्टी के वार्ड नंबर 17 (सेक्टर 22 और 23) के पार्षद दमनप्रीत सिंह बादल ने अपने सैकड़ों समर्थकों सहित कांग्रेस का दामन थाम लिया। सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश महासचिव और वर्तमान में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, सेक्टर-43 के कोषाध्यक्ष उज्जवल भसीन, वकील विशाल शर्मा और युवराज अष्ट ने भी कांग्रेस में शामिल होकर पार्टी को और मजबूती दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि दमनप्रीत सिंह बादल और उज्जवल भसीन जैसे जमीनी व प्रभावशाली नेताओं के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अन्य दलों के कई नेता भी कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और राहुल गांधी के नेतृत्व से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होंगे।
लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी द्वारा शहर के ज्वलंत मुद्दों को संसद में प्रभावी ढंग से उठाने और पार्टी के जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों से लोगों का विश्वास दोबारा कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित