चंडीगढ़ , जनवरी 23 -- अचानक बदले मौसम से बारिश होने और तेज हवायें चलने से केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और मोहाली में जनजीवन पर असर पड़ा है। तेज हवा और झमाझम बारिश से कई इलाकों में नुकसान पहुंचा है। मनीमाजरा में एक मकान की छत गिरने से तीन बच्चे घायल हो गये, जबकि सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के नये ट्रॉमा सेंटर की फॉल सीलिंग गिरने से मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गयी। राहतकी बात यह रही कि किसी को चोट नहीं पहुंची।
चंडीगढ़ के मनीमाजरा के गोविंदपुर इलाके में सुबह तेज हवाओं और बारिश के दौरान एक पुराने मकान की छत अचानक ढह गयी। हादसे के समय घर के अंदर खेल रहे तीन बच्चे मलबे में दब गये। घायलों के नाम 12 वर्षीय चन्नी, 14 वर्षीय गौरव और राहुल हैं। गौरव और चन्नी सगे भाई हैं, जबकि राहुल उनका पड़ोसी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार गौरव के हाथों में चोट आयी है, जबकि अन्य दोनों बच्चे खतरे से बाहर हैं।
इसी दौरान सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में करीब छह महीने पहले बने ट्रॉमा सेंटर की फॉल सीलिंग गिर गयी। सीलिंग से लोहे के एंगल और शीट नीचे आ गिरे, जिससे अस्पताल परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गये। गनीमत रही कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मरीजों और तीमारदारों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाये और जांच की मांग की।
तेज आंधी के कारण चंडीगढ़ और मोहाली में कई स्थानों पर पेड़ गिर गये, जबकि कई जगह बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गये। इससे अनेक इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। मौसम विभाग ने बताया कि दिनभर तेज हवायें चलने का अनुमान है, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खुले स्थानों में न निकलने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित