बैतूल , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 735 ग्राम गांजा, एक कार और बैग जब्त किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया गया है कि 26 मार्च को सोनाघाटी चौकी क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध शेवरलेट एंजॉय कार (एमएच 05 बीजे 2967) को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार में रखे बैग से 2.735 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 27 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से मुकेश जावरकर (21) और रामेश्वर विश्वकर्मा (22) निवासी ग्राम कामिदा थाना झल्लार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया सहित पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने नागरिकों से नशे के खिलाफ सहयोग की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित