अररिया/पटना , फरवरी 26 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि घुसपैठियों से भारत को मुक्त कराने का अभियान सीमांचल से शुरू होगा।
श्री शाह ने आज सीमांचल क्षेत्र में घुसपैठियों से उत्पन्न समस्या से निपटने के लिए आयोजित कई बैठकों में हिस्सा लेने के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के सीमांचल में स्थित भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों से कथित घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार बिहार को घुसपैठियों से मुक्त करने के अपने वादे को पूरा करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल मतदाता सूची से नाम हटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि "भारतीय भूमि से प्रत्येक घुसपैठिये को हटाने" का कार्य भी पूरा किया जायेगा।
गृह मंत्री ने कहा कि घुसपैठियों को देश से निकालना महज चुनावी वादा नही है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार का दृढ़ संकल्प है और यह अभियान शीघ्र ही सीमांचल से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि अपने पिछले दौरों के दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता को व्यक्तिगत रूप से आश्वस्त किया था कि इस विषय पर निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
श्री शाह ने आरोप लगाया कि घुसपैठिये न केवल चुनावों को प्रभावित करते हैं, बल्कि वंचित वर्गों के लिए लायी गयी कल्याण योजनाओं के वितरण तथा युवाओं के रोजगार पर भी असर डालते हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिकों का अवैध रूप से देश में रहना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी बड़ी चुनौती हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या ने निपटने के लिए उनके तीन दिवसीय दौरे के दौरान संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों के अधिकारियों, बिहार के गृह विभाग, जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ विस्तृत बैठकों के माध्यम से एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रणनीति के तहत सीमांचल क्षेत्र की सीमा से 10 किलोमीटर के दायरे में अतिक्रमण को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि श्री शाह बांग्लादेश-नेपाल सीमा से सटे किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने इस दौरान जनसंख्या में कथित बदलाव से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठकें कीं। इन बैठकों में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बिहार के उपमुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री सम्राट चौधरी भी उपस्थित थे।
श्री शाह इस दौरे के दौरान सीमा चौकियों के उद्घाटन, 'वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-2' तथा सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) की कई परियोजनाओं के ई-उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित