रांची, 17अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के घाटशिला (अनुसूचित जनजाति सुरक्षित) विधानसभा उपचुनाव के लिए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने इस उपचुनाव में रामदास मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है।
जेएलकेएम के प्रवक्ता विजय कुमार सिंह ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन के अंतिम दिन 21 अक्टूबर को रामदास मुर्मू उपचुनाव के लिए अपना पर्चा दाखिल करेंगे।
ज्ञातव्य है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के बेटे सोमेश चंद्र सोरेन को घाटशिला विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को इस सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।
इस उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को और मतगणना 14 नवंबर को होगी।
उल्लेखनीय है कि नयी दिल्ली में 15 अगस्त को तत्कालीन शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद से यह सीट रिक्त हो गई थी। भाजपा के बाबूलाल सोरेन 2024 का विधानसभा चुनाव इसी सीट से लड़े थे लेकिन वह रामदास सोरेन से 22,464 मतों के अंतर से हार गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित