रांची/दिल्ली, 15अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के घाटशिला (अनुसूचित जनजाति सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।

बाबूलाल सोरेन इससे पहले भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार वे घाटशिला (सु) निर्वाचन क्षेत्र से उपचुनाव लड़ने जा रहे हैं।

घाटशिला सीट तत्कालीन शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के कारण रिक्त हुई थी। झारखंड मुक्तिमोर्चा के रामदास सोरेन का 15 अगस्त को नई दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था, जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि झामुमो के रामदास सोरेन ने 2024 में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र, बीजेपी के बाबूलाल सोरेन को हराकर तीसरी बार यह सीट जीती थी। रामदास ने पहली बार 2009 में यह सीट जीती थी। हालांकि 2014 में वह बीजेपी के लक्ष्मण टुडू से यह सीट हार गए थे लेकिन 2019 में उन्होंने इस पर जीत हासिल की थी।

उपचुनाव का मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को आयोजित की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 24 अक्टूबर निर्धारित की गई है। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2.55 लाख मतदाता हैं, जिनमें 1.30 लाख महिला मतदाता भी शामिल हैं। 218 स्थानों पर कुल 300 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित