देहरादून/रुद्रप्रयाग , फरवरी 03 -- उत्तराखंड के जनपद रुद्रप्रयाग के छिनका ककोड़ाखाल (नगरासू) क्षेत्र में मंगलवार शाम घर के आंगन में अपनी मां के पास बैठे एक पांच वर्षीय बालक को गुलदार झपट कर ले गया।

घटना के बाद प्रशासन की छह अलग अलग टीमें ग्रामीणों के साथ जंगल में गुलदार और बालक को तलाश रही हैं। जिलाधिकारी प्रतीक जैन भी मौके पर पहुंच गए हैं।

ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने बताया कि पांच बजे करीब पांच वर्षीय दक्ष पुत्र हेमंत सिंह अपनी मां के साथ घर के आंगन में था। अचानक गुलदार ने मां के हाथ से झपटा मार कर बच्चे को खींचा और जंगल की ओर भाग गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही डीडीआरएफ के 9 जवान विभिन्न खोजबीन उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किए गए जो सर्च अभियान चला रहे हैं। जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर एवं सूचना विभाग की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है। जिलाधिकारी प्रतीक जैन व्यक्तिगत स्तर पर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर रहे हैं और ग्राम प्रधान, स्थानीय निवासियों एवं घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों से लगातार जानकारी जुटा रहे हैं एवं आवश्यक निर्देश उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की और बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित