चम्पावत , मार्च 25 -- उत्तराखंड के चम्पावत जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही ओवररेटिंग की खबरों को प्रशासन ने भ्रामक बताया है।

जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर निर्धारित मूल्य (950 रुपये) में ही उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल इस आशय की खबर और सूचना भ्रामक और गलत है। गैस एजेंसी के प्रबंधक दयाल रावत ने भी कहा कि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति न बने।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी उप जिलाधिकारियों, पूर्ति विभाग और तहसीलदारों को गैस वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को केवल निर्धारित दर पर ही गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले में गैस वितरण निर्धारित रोस्टर के अनुसार किया जा रहा है। चम्पावत, लोहाघाट, देवीधुरा, टनकपुर और बनबसा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग तिथियों और वार्डों के अनुसार वितरण कार्यक्रम तय किया गया है, जिससे प्रत्येक उपभोक्ता तक समय पर गैस पहुंच सके।

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए इंडेन गैस द्वारा डिजिटल सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। गैस से संबंधित जानकारी के लिए 7588888824 पर संपर्क किया जा सकता है, जबकि रिफिल बुकिंग के लिए 8454955555 पर मिस्ड कॉल या आईवीआरएस नंबर 7718955555 का उपयोग किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित