देहरादून , जनवरी 14 -- उत्तराखंड के देहरादून के कैंट क्षेत्र से लापता तीन नाबालिग बच्चों को स्थानीय पुलिस ने उत्तर प्रदेश (यूपी) के बागपत से बुधवार सुबह सकुशल बरामद कर लिया। तीनों नाबालिग बच्चे घर वालों को बिना बताए घूमने निकल गए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि कोतवाली कैंट पर बीते नौ जनवरी को वादिनी द्वारा लिखित सूचना दी कि एक दिन पहले आठ जनवरी को उनका 17 वर्षीय भाई, अपने दो अन्य दोस्तों के साथ घर से खेलने के बहाने कही चला गया था। उसके बाद वे तीनों बच्चे अभी तक घर वापस नहीं आये हैं। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही, अलग अलग टीमों का गठन कर बच्चों की तलाश के लिए सभी सम्भावित स्थानो पर तलाश की गयी। इस दौरान जानकारी हुई कि तीनों बच्चे देहरादून से ट्रेन के माध्यम से हरिद्वार गये है। टीम ने तत्काल हरिद्वार पहुँचकर रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड, हर की पैडी आदि स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य माध्यमों से बच्चों के संबंध में जानकारी की गई तो पुलिस टीम को उक्त बच्चों के बस के माध्यम से दिल्ली की ओर जाने की जानकारी प्राप्त हुई। जिस पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए तीनो बच्चो को बागपत से सकुशल बरामद किया गया है।

एसएसपी ने बच्चों से की गई पूछताछ के आधार पर बताया कि वे तीनों घर से बिना बताए हरिद्वार घूमने चले गये थे। हरिद्वार से देहरादून वापस आने के लिए वे गलत बस में बैठ गये तथा बागपत पहुंच गये। उन्होंने बताया कि बरामद तीनों नाबालिगों को पुलिस द्वारा देहरादून वापस लाकर सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है। तीनों नाबालिगों की सकुशल बरामदगी पर उनके परिजनों द्वारा पुलिस के त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित