ग्वालियर , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित प्रेस्टीज इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च के विधि विभाग तथा स्वर्गीय श्री हाकिम सिंह तोमर देवेन्द्र सिंह तोमर स्मृति न्यास के सहयोग से दो दिवसीय युवा संसद 1.0 का आयोजन 17 और 18 अप्रैल को संस्थान परिसर में किया जाएगा।
संस्थान के निदेशक डॉ. निर्मल्या वंधोपाध्याय और ऋपुदमन सिंह ने पत्रकारों को बताया कि इस आयोजन में गंभीर वैश्विक और राष्ट्रीय मुद्दों पर मंथन होगा। कार्यक्रम के तहत लोकसभा में अरावली पहाड़ियां: विकासात्मक आवश्यकताओं और पारिस्थितिक स्थिरता के बीच संतुलन, राज्यसभा में यूजीसी 2026 समानता नियम, अखिल भारतीय राजनीतिक दल बैठक में युवाओं का राजनीतिक लामबंदीकरण और आतंकवाद का खतरा जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही इंटरनेशनल प्रेस में पत्रकारिता और फोटोग्राफी के माध्यम से रिपोर्टिंग भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर करेंगे। देशभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से लगभग 312 छात्रों ने इसमें पंजीयन कराया है। विधि विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. राखी सिंह चौहान ने कहा कि कानून की शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में ड्राफ्टिंग कौशल, साक्ष्यों की समझ और पेशेवर नैतिकता का विकास होता है।
ऋपुदमन सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये, द्वितीय 11 हजार रुपये, तृतीय 5100 रुपये तथा पत्रकारिता एवं फोटोग्राफी श्रेणी में 11 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर समन्वयक सह प्राध्यापक राहुल श्रीवास्तव, डॉ. दीक्षा भदौरिया, डॉ. अक्षय भार्गव और सुधा तोमर सहित अन्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित