ग्वालियर , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के थाटीपुर थाना क्षेत्र में आज तड़के एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना सुबह लगभग तीन बजे परशुराम चौराहे के पास हुई। स्कॉर्पियो चालक ने पहले बस स्टैंड के पास एक ऑटो को टक्कर मारी, जिसके बाद वहां मौजूद पुलिस ने वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए थाटीपुर क्षेत्र में एक अन्य ऑटो को भी टक्कर मार दी।

इस हादसे में ऑटो में सवार शुभम उर्फ लाली कश्यप, इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य, लीला (पत्नी इंद्रजीत), शगुन (पत्नी शुभम) और प्रीति कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रीति, प्रियांश, आरव और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि सभी मृतक माता मंदिर से लौट रहे थे। पुलिस ने स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 21 जेडई 5911 के चालक अमन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित