लॉस एंजिल्स , जनवरी 02 -- इस साल संगीत की सबसे बड़ी रात 68वें वार्षिक ग्रैमी अवॉर्ड्स, न सिर्फ सुर-ताल तक सीमित रही, बल्कि राजनीति विरोध का बड़ा मंच बनकर उभरा, जिसकी धमक पूरे विश्व ने देखी-सुनी। इस समारोह में मौजूद तमाम कलाकारों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी आव्रजन प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) की नीतियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया।

समारोह की शुरुआत एंकर ट्रेवर नोआ के मजाकिया लेकिन तीखे बयानों से हुई। उन्होंने श्री ट्रंप के '60 मिनट्स' मुकदमे और ग्रीनलैंड खरी दने की इच्छा पर तंज कसा। नोआ ने यहां तक कह दिया कि ट्रंप, बिल क्लिंटन के साथ रहने के लिए नया द्वीप ढूंढ़ रहे हैं। श्री ट्रम्प ने नोआ इस टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया देने में देर नहीं की। सोशल मीडिया साइट 'ट्रुथ सोशल' पर नोआ को 'विफल' और 'प्रतिभाहीन' बताते हुए उन पर मुकदमा करने की धमकी दी।

समारोह में मौजूद पुएर्टो रिकान सुपरस्टार बैड बनी की तरफ से शाम का सबसे कड़ा संदेश आया। उन्होंने ट्रम्प की तरफ इशारा कर कहा, "हम जंगली नहीं हैं, हम जानवर नहीं हैं... हम इंसान हैं और हम अमेरिकी हैं। नफरत से ज्यादा ताकतवर प्यार है।"'एल्बम ऑफ द ईयर' जीतकर इतिहास रचने वाले बैड बनी ने अपना पुरस्कार उन लोगों को समर्पित किया, जिन्हें अपने सपनों के लिए मातृभूमि छोड़नी पड़ी। 'सॉन्ग ऑफ द ईयर' विजेता बिली इलिश 'आईसीई आउट पिन' पहनकर मंच पर आयीं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "चुरायी गयी जमीन पर कोई भी अवैध नहीं है।" उनके भाषण के अंत को टेलीविजन सेंसर ने तब काट दिया, जब उन्होंने ईसीआई के लिए आपत्तिजनक शब्द कहे।

बिली इलिश का इशारा इस ओर था कि जो लोग काम की तलाश में या मजबूरी में अमेरिका आते हैं, उन्हें 'अवैध' कहना गलत है। अमेरिका की वर्तमान भूमि मूल रूप से वहां के आदिवासियों की थी, इस ऐतिहासिक तथ्य की ओर ध्यान दिलाने के लिए उन्होंने 'चुरायी गयी जमीन' शब्द का इस्तेमाल अपने वक्तव्य में किया। यानी जब पूरी जमीन ही ऐतिहासिक रूप से दूसरों से ली गयी है तो अब वहां आने वाले किसी नये व्यक्ति को 'अवैध' करार देना कहां तक उचित है।

विरोध करने वालों में महज ये दोनों नहीं थे। यह कलाकारों का आव्रजन नीतियों और ट्रम्प की नीतियों के खिलाफ एकजुट प्रयास था। ब्रिटिश गायिका और गीतकार ओलिविया डीन ने अपनी आप्रवासी पृष्ठभूमि का सम्मान किया और खुद को 'एक आप्रवासी की पोती' बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित